गाय हिन्दुस्तान की रक्षा करने वाली है

मैं खुद गाय को पूजता हूं, यानी मान देता हूं। गाय तो हिन्दुस्तान की रक्षा करने वाली है, क्योंकि उसकी संतान पर हिन्दुस्तान का, जो खेती-प्रधान देश है, आधार है। गाय कई तरह से उपयोगी जानवर है। वह उपयोगी जानवर है, यह तो मुसलमान भाई भी कबूल करेंगे, लेकिन जैसे मैं गाय को पूजता हूं, वैसे ही मैं मनुष्य को भी पूजता हूं। जैसे गाय उपयोगी है, वैसे ही मनुष्य भी – फिर चाहे वह मुसलमान हो या हिन्दू – उपयोगी है। तब क्या गाय को बचाने के लिए मैं मुसलमान से लडूंगा? क्या मैं उसे मारूंगा? ऐसा करने से मैं मुसलमान का और गाय का भी दुश्मन बनूंगा।

प्रश्न : मुसलमानों, पारसियों, ईसाइयों की हिन्दुस्तान में बड़ी संख्या है। वे एक राष्ट्र नहीं हो सकते। कहा जाता है कि हिन्दू-मुसलमानों में कट्टर वैर है। हमारी कहावतें भी ऐसी ही हैं। ‘मियां और महादेव की नहीं बनेगी।‘ हिन्दू ईश्वर को पूर्व में पूजता है, तो मुस्लिम पश्चिम में पूजता है। मुसलमान हिन्दू को बुतपरस्त – मूर्तिपूजक – कहकर उससे नफरत करता है। हिन्दू मूर्तिपूजक है, मुसलमान मूर्ति को तोड़ने वाला है। हिन्दू गाय को पूजता है, मुसलमान उसे मारता है। हिन्दू अहिंसक है, मुसलमान हिंसक। यों पग-पग पर जो विरोध है, वह कैसे मिटे और हिन्दुस्तान एक कैसे हो?
उत्तर : आपका यह सवाल बड़ा गंभीर मालूम होता है, लेकिन सोचने पर वह सहल मालूम होगा। यह सवाल उठा है, उसका कारण भी रेल, वकील और डॉक्टर है। वकीलों और डॉक्टरों का विचार तो अभी करना बाकी है। रेलों का विचार हम कर चुके। इतना मैं जोड़ता हूं कि मनुष्य इस तरह पैदा किया गया है कि अपने हाथ-पैर से बने, उतनी ही आने-जाने वगैरा की हलचल उसे करनी चाहिए। अगर हम रेल वगैरा साधनों से दौड़धूप करें ही नहीं, तो बहुत पेचीदे सवाल हमारे सामने आयेंगे ही नहीं। हम खुद होकर दुख को न्योतते हैं। भगवान ने मनुष्य की हद उसके शरीर की बनावट से ही बांध दी, लेकिन मनुष्य ने उस बनावट की हद को लांघने के उपाय ढूंढ़ निकाले। मनुष्य को अकल इसलिए दी गयी है कि उसकी मदद से वह भगवान को पहचाने, पर मनुष्य ने अकल का उपयोग भगवान को भूलने में किया। मैं अपनी कुदरती हद के मुताबिक अपने आसपास रहने वालों की ही सेवा कर सकता हूं; पर मैंने तुरंत अपनी मगरूरी में ढूंढ निकाला कि मुझे तो सारी दुनिया की सेवा अपने तन से करनी चाहिए। ऐसा करने में अनेक धर्मों के और कई तरह के लोगों का साथ होगा। यह बोझ मनुष्य उठा ही नहीं सकता, इसलिए अकुलाता है। इस विचार से आप समझ लेंगे कि रेलगाड़ी सचमुच एक तूफानी साधन है। मनुष्य रेलगाड़ी का उपयोग करके भगवान को भूल गया है।

प्रश्न : पर मैं तो, अब जो सवाल मैंने उठाया है, उसका जवाब सुनने को अधीर हो रहा हूं। मुसलमानों के आने से हमारा राष्ट्र एक रहा या मिटा?

उत्तर : हिन्दुस्तान में चाहे जिस धर्म के आदमी रह सकते हैं; उससे यह राष्ट्र मिटने वाला नहीं है। जो नये लोग इसमें दाखिल होते हैं, वे इसकी प्रजा को तोड़ नहीं सकते, वे इसकी प्रजा में घुलमिल जाते हैं। ऐसा हो, तभी कोई मुल्क एक-राष्ट्र माना जायेगा। ऐसे मुल्क में दूसरे लोगों का समावेश करने का गुण होना चाहिए। हिन्दुस्तान ऐसा था और आज भी है। यों तो जितने आदमी, उतने धर्म, ऐसा मान सकते हैं। एक राष्ट्र होकर रहने वाले लोग एक-दूसरे के धर्म में दखल नहीं देते; अगर देते हैं तो समझना चाहिए कि वे एक-राष्ट्र होने के लायक नहीं है। अगर हिन्दू मानें कि सारा हिन्दुस्तान सिर्फ हिन्दुओं से भरा होना चाहिए, तो यह एक निरा सपना है। मुसलमान अगर ऐसा मानें कि उसमें सिर्फ मुसलमान ही रहें, तो उसे भी सपना ही समझिये। हिन्दू, मुसलमान, पारसी, ईसाई, जो इस देश को अपना वतन मानकर बस चुके हैं, एक-देशी, एक-मुल्की हैं; वे देशी-भाई हैं; और उन्हें एक-दूसरे के स्वार्थ के लिए भी एक होकर रहना पड़ेगा। दुनिया के किसी भी हिस्से में एक-राष्ट्र का अर्थ एक-धर्म नहीं किया गया है; हिन्दुस्तान में तो ऐसा था ही नहीं।

प्रश्न : लेकिन दोनों कौमों के कट्टर वैर का क्या?

उत्तर : ‘कट्टर वैर’ शब्द दोनों के दुश्मनों ने खोज निकाला है। जब हिन्दू-मुसलमान झगड़ते थे, तब वे ऐसी बातें भी करते थे। झगड़ा तो हमारा कब का बंद हो गया है। फिर कट्टर वैर काहे का? और इतना याद रखिये कि अंग्रेजों के आने के बाद ही हमारा झगड़ा बंद हुआ, ऐसा नहीं है। हिन्दू लोग मुसलमान बादशाहों के मातहत और मुसलमान हिन्दू राजाओं के मातहत रहते आये हैं। दोनों को बाद में समझ में आ गया कि झगड़ने से कोई फायदा नहीं; लड़ाई से कोई अपना धर्म नहीं छोड़ेगा और कोई अपनी जिद भी नहीं छोड़ेगा। इसलिए दोनों ने मिलकर रहने का फैसला किया। झगड़े तो फिर से अंग्रेजों ने शुरू करवाये।

‘मियां और महादेव की नहीं बनती’ इस कहावत को भी ऐसा ही समझिये। कुछ कहावतें हमेशा के लिए रह जाती हैं और नुकसान करती ही रहती हैं। हम कहावत की धुन में इतना भी याद नहीं रखते कि बहुतेरे हिन्दुओं और मुसलमानों के बाप-दादे एक ही थे, हमारे अंदर एक ही खून है। क्या धर्म बदला, इसलिए हम आपस में दुश्मन बन गये? धर्म तो एक ही जगह पहुंचने के अलग-अलग रास्ते हैं। हम दोनों अलग-अलग रास्ते लें, इससे क्या हो गया, उसमें लड़ाई काहे की? और ऐसी कहावतें तो शैवों और वैष्णवों में भी चलती हैं; पर इससे कोई यह नहीं कहेगा कि वे एक-राष्ट्र नहीं हैं। वेदधर्मियों और जैनों के बीच बहुत फर्क माना जाता है, फिर भी इससे वे अलग राष्ट्र नहीं बन जाते। हम गुलाम हो गये हैं, इसीलिए अपने झगड़े हम तीसरे के पास ले जाते हैं। जैसे मुसलमान मूर्ति का खंडन करने वाले हैं, वैसे हिन्दुओं में भी मूर्ति का खंडन करने वाला एक वर्ग देखने में आता है। ज्यों-ज्यों सही ज्ञान बढ़ेगा, त्यों-त्यों हम समझते जायेंगे कि हमें पसंद न आने वाला धर्म दूसरा आदमी पालता हो, तो भी उससे वैरभाव रखना हमारे लिए ठीक नहीं; हम उस पर जबरदस्ती न करें।

प्रश्न : अब गोरक्षा के बारे में अपने विचार बताइये।

उत्तर : मैं खुद गाय को पूजता हूं, यानी मान देता हूं। गाय तो हिन्दुस्तान की रक्षा करने वाली है, क्योंकि उसकी संतान पर हिन्दुस्तान का, जो खेती-प्रधान देश है, आधार है। गाय कई तरह से उपयोगी जानवर है। वह उपयोगी जानवर है, यह तो मुसलमान भाई भी कबूल करेंगे।
लेकिन जैसे मैं गाय को पूजता हूं, वैसे ही मैं मनुष्य को भी पूजता हूं। जैसे गाय उपयोगी है, वैसे ही मनुष्य भी – फिर चाहे वह मुसलमान हो या हिन्दू – उपयोगी है। तब क्या गाय को बचाने के लिए मैं मुसलमान से लडूंगा? क्या मैं उसे मारूंगा? ऐसा करने से मैं मुसलमान का और गाय का भी दुश्मन बनूंगा। इसलिए मैं कहूंगा कि गाय की रक्षा करने का एक यही उपाय है कि मुझे अपने मुसलमान भाई के सामने हाथ जोड़ने चाहिए और उसे देश की खातिर गाय को बचाने के लिए समझाना चाहिए। अगर वह न समझे तो मुझे गाय को मरने देना चाहिए, क्योंकि वह मेरे बस की बात नहीं। अगर मुझे गाय पर अत्यंत दया आती हो तो अपनी जान दे देनी चाहिए, लेकिन मुसलमान की जान नहीं लेनी चाहिए। यही धार्मिक कानून है, ऐसा मैं मानता हूं।

‘हां’ और ‘नहीं’ के बीच हमेशा वैर रहता है। अगर मैं वाद-विवाद करूंगा, तो मुसलमान भी वाद-विवाद करेगा। अगर मैं टेढ़ा बनूंगा तो वह भी टेढ़ा बनेगा। अगर मैं बालिश्त भर झुकूंगा तो वह हाथ भर झुकेगा; और अगर वह न भी झुके तो मेरा झुकना गलत नहीं कहलायेगा। जब हमने जिद की तब गोकशी बढ़ी। मेरी राय है कि गोरक्षा प्रचारिणी सभा गोवध प्रचारिणी सभा मानी जानी चाहिए। ऐसी सभा का होना हमारे लिए बदनामी की बात है। जब गाय की रक्षा करना हम भूल गये, तब ऐसी सभा की जरूरत पड़ी होगी। मेरा भाई गाय को मारने दौड़े, तो मैं उसके साथ कैसा बरताव करूंगा? उसे मारूंगा या उसके पैरों में पड़ूंगा? अगर आप कहें कि मुझे उसके पांव पड़ना चाहिए, तो मुझे मुसलमान भाई के भी पांव पड़ना चाहिए। गाय को दुख देकर हिन्दू गाय का वध करता है; इससे गाय को कौन छुड़ाता है? जो हिन्दू गाय की औलाद को डंडा मारता है, उस हिन्दू को कौन समझाता है? इससे हमारे एक-राष्ट्र होने में कोई रुकावट नहीं आयी है।

अंत में, हिन्दू अहिंसक और मुसलमान हिंसक हैं, यह बात अगर सही हो तो अहिंसक का धर्म क्या है? अहिंसक को आदमी की हिंसा करनी चाहिए, ऐसा कहीं लिखा नहीं है। अहिंसक के लिए तो सीधी राह है। उसे एक को बचाने के लिए दूसरे की हिंसा करनी ही नहीं चाहिए। उसे तो मात्र चरण-वंदना करनी चाहिए, सिर्फ समझाने का काम करना चाहिए। इसी में उसका पुरुषार्थ है।

लेकिन, क्या तमाम हिन्दू अहिंसक हैं? सवाल की जड़ में जाकर विचार करने पर मालूम होता है कि कोई भी अहिंसक नहीं है, क्योंकि जीवन को तो हम मारते ही हैं। लेकिन इस हिंसा से हम छूटना चाहते हैं, इसलिए अहिंसक कहलाते हैं। साधारण विचार करने से मालूम होता है कि बहुत से हिन्दू मांस खाने वाले हैं, इसलिए वे अहिंसक नहीं माने जा सकते। खींच-तानकर दूसरा अर्थ करना हो तो मुझे कुछ नहीं कहना है। जब ऐसी हालत है, तब मुसलमान हिंसक और हिन्दू अहिंसक हैं, इसलिए दोनों की नहीं बनेगी, यह सोचना बिलकुल गलत है।

ऐसे विचार स्वार्थी धर्मशिक्षकों, शास्त्रियों और मुल्लों ने हमें दिये हैं और इसमें जो कमी रह गयी थी, उसे अंग्रेजों ने पूरा किया है। उन्हें इतिहास लिखने की आदत है; हर एक जाति के रीति-रिवाज जानने का वे दंभ करते हैं। ईश्वर ने हमारा मन तो छोटा बनाया है, फिर भी वे ईश्वरीय दावा करते आये हैं और तरह-तरह के प्रयोग करते हैं। वे अपने बाजे खुद बजाते हैं और हमारे मन में अपनी बात सही होने का विश्वास जमाते हैं। हम भोलेपन में उस सब पर भरोसा कर लेते हैं।

जो टेढ़ा नहीं देखना चाहते, वे देख सकेंगे कि कुरान शरीफ में ऐसे सैकड़ों वचन हैं, जो हिन्दुओं को मान्य हैं; भगवदगीता में ऐसी बातें लिखी हैं कि जिनके खिलाफ मुसलमानों को कोई भी ऐतराज नहीं हो सकता। कुरान शरीफ का कुछ भाग मैं न समझ पाऊं या कुछ भाग मुझे पसंद न आये, इस वजह से क्या मैं उसे मानने वाले से नफरत करूं? झगड़ा दो के बीच ही हो सकता है। मुझे झगड़ा नहीं करना हो, तो मुसलमान क्या करेगा? और मुसलमान को झगड़ा न करना हो, तो मैं क्या कर सकता हूं? हवा में हाथ उठाने वाले का हाथ उखड़ जाता है। सब अपने-अपने धर्म का स्वरूप समझकर उससे चिपके रहें और शास्त्रियों व मुल्लों को बीच में न आने दें, तो झगड़े का मुंह हमेशा के लिए काला ही रहेगा।

-‘हिन्द स्वराज्य’ से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

तेलंगाना सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष शंकर नायक गिरफ्तार

Mon Mar 21 , 2022
भूदान भूमि भूमिहीनों में वितरित करने के लिए सत्याग्रह करने की दी थी चेतावनी सर्व सेवा संघ मुख्यालय, सेवाग्राम से प्राप्त सूचना के मुताबिक़ खबर है कि आज तड़के लगभग 4 बजे हैदराबाद पुलिस ने तेलंगाना सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष शंकर नायक को आज होने वाले सत्याग्रह से ठीक पहले […]

You May Like

क्या हम आपकी कोई सहायता कर सकते है?