इतिहास बदलने के प्रयास का विरोध करना होगा

इलाहबाद जिला सर्वोदय मंडल की बैठक में बोले चंदन पाल

इलाहबाद जिला सर्वोदय मंडल की बैठक 14 अप्रैल को कमल गोइंदी भवन में संपन्न हुई. उत्तर प्रदेश की यात्रा पर निकले सर्व सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदन पाल ने मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए कहा कि सर्वोदय ने हमेशा सत्य और अहिंसा के माध्यम से भयमुक्त समाज रचना के लिए संघर्ष किया है. आज के समय में फिर से हमारी सबसे बड़ी भूमिका हो गई है. लोगों के भय को दूर करना और इतिहास बदलने के प्रयास का विरोध करना होगा और इस भ्रम को दूर करना होगा कि देश में एक ही धर्म के लोग होंगे तो लड़ाई नहीं होगी. उन्हें पाकिस्तान-बांग्लादेश और रूस-यूक्रेन जैसे तमाम युद्धों से सबक लेना चाहिए। बैठक की शुरुआत करते हुए उत्तर प्रदेश सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष राम धीरज ने कहा कि युवाओं को गहरे सामाजिक सरोकारों के साथ जुड़ना होगा. प्रोफेसर विमल कुमार ने गांधी विचार को स्पष्ट करते हुए कहा कि गांधी का विचार सामुदायिक चेतना का विकास करता है और पूंजीवाद का विकास सामुदायिक चेतना का विनाश करता है. अगर हम आदर्श को सामाजिक जीवन से हटाएंगे तो राष्ट्र की संप्रभुता का क्षरण होगा और स्वतंत्र चेतना भी खत्म होगी। सर्व सेवा संघ प्रकाशन के संयोजक अरविंद अंजुम ने भीमराव अंबेडकर को याद करते हुए कहा कि जब तक हम अलग-अलग जातियों के बीच की दीवारों को नहीं मिटाएंगे, तब तक लोकतंत्र स्थापित नहीं हो पाएगा। चंद्रशेखर प्राण ने कहा कि मनुष्य समाज के तीन रूप हैं- समाज, राज्य और बाजार। समाज हमारी सामुदायिक चेतना है, लेकिन राज्य या सत्ता दंड और भय से स्थापित होती है, इसलिए हम आपस में जितना झगड़ेंगे, सत्ता उतनी मजबूत होगी और जनता की ताकत कमजोर होती जाएगी. कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संतोष गोइंदी ने कहा कि पूरी दुनिया पिछले हजार सालों में सबसे महान व्यक्ति के रूप में गांधी को देखती है। हम सब में गांधी की प्रेरणा और उनका बल है, इसलिए हमें चाहिए कि गांधी को याद करते हुए हम अपने कार्य में पूरी निष्ठा से लगे रहें। इलाहबाद विश्वविद्यालय के छात्र आयुष ने भी अपने विचार रखे. जिला सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष श्याम नारायण ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में शेख हुसैन, अरविंद कुशवाहा, सरिता शुक्ला, दीपक, देवमुनि, श्याम नारायण, चंद्रप्रकाश, दिनेश यादव, मयंक, भास्कर आदित्य, आयुष, राम प्रकाश पाल, सुनील कुमार मिश्रा, शुभम और सत्येंद्र आदि शामिल रहे।

– सर्वोदय जगत डेस्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सर्व सेवा संघ मुख्यालय में मनाई गई ज्योति बा फुले जयंती

Mon May 8 , 2023
कस्तूरबा को भी किया गया नमन सर्वोदय समाज के संयोजक प्रो सोमनाथ रोडे ने कहा है कि महात्मा ज्योतिबा फुले, महात्मा गांधी, बाबासाहेब अंबेडकर, काल मार्क्स, सरदार भगत सिंह जैसे महापुरुषों के विचारों को मिलाकर लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ने की जरूरत है। वे 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा […]
क्या हम आपकी कोई सहायता कर सकते है?